राजधानी के रेजीडेंसी उपकेंद्र इलाके में शनिवार आधी रात के बाद जेसीबी ने दो 11 हजार वोल्ट की लाइन के अंडर ग्राउंड केबल को काट दिया। इससे रिवर बैंक कॉलोनी से मशकगंज तक की बिजली उड़ गई।
लेकिन इंजीनियरों ने वैकल्पिक तरीके से बिजली तो चालू कर दी पर कटौती का दौर 10 घंटे तक चला। वहीं, सोमवार को खदरा से लेकर गोमतीनगर एवं चौक से छावनी तक बिजली की आवाजाही रही।
अधिशासी अभियंता मोहम्मद असलम के अनुसार, बीएसएनएल केबल बिछाने के दौरान लापरवाही से सड़क खोदाई में 11 केवी फीडर मशकगंज एवं रिवर बैंक कॉलोनी के केबल कट गए।
इससे रिवर बैंक कॉलोनी, वजीरगंज, गोलागंज, मशकगंज, सिटी स्टेशन आदि इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। केबल कटने से यह बिजली काफी देर तक बंद रही, लेकिन बाद में ओवर हेड लाइन से बिजली को चालू किया गया।
वहीं, सोमवार को इक्का स्टैंड डालीगंज, अहिबरनपुर, विक्टोरिया, इंजीनियरिंग कॉलेज, नादान महल रोड, हुसैनगंज, यूपीआईएल, बांसमंडी एवं नूरबाड़ी उपकेंद्र इलाकों में शाम से देर रात तक बिजली की आवाजाही रही।
जबकि मोहिबुल्लापुर के प्रीतीनगर एवं भरतनगर में तो सोमवार सुबह से रात तक बिजली संकट रहा।
सिसेंडी उपकेंद्र में तकनीकी खराबी आने से रविवार रात एक बजे गुल हुई बिजली सोमवार दोपहर डेढ़ बजे चालू हो सकी। इससे बहरौली, नगराम, सिसेंडी के 120 गांव एवं मजरे बिजली को तरसते रहे।