एक जून से आप इलेक्ट्रिक सिटी बस में सफर कर सकेंगे। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी ने मॉडल इलेक्ट्रिक सिटी बस के संचालन की डेडलाइन तय कर दी है।
इसके सफल संचालन के बाद 39 अन्य बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी। इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल संचालन घनी आबादी वाले क्षेत्रों में होगा।
नगरीय परिवहन निदेशालय ने कंपनी को डेडलाइन की जानकारी दे दी है। इसके प्रबंध निदेशक आरिफ सकलैन के मुताबिक टाटा मोटर्स इस मॉडल इलेक्ट्रिक सिटी बस को तैयार कर रहा है। शासन ने 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसें सप्लाई करने का ऑर्डर दिया है।
तैयार हो रहा रोड मैप
इलेक्ट्रिक बस को घनी आबादी वाले ठाकुरगंज, बालागंज, नक्खास, अमीनाबाद, चौक आदि के रूट से चलाने का रोड मैप तैयार हो रहा है। इस रूट पर एक महीने तक इलेक्ट्रिक सिटी बस चलेगी, जिसकी रोजाना समीक्षा होगी। इसमें सकारात्मक परिणाम आए तो अन्य 39 इलेक्ट्रिक बसों को लाया जाएगा। इन बसों को चलाने के लिए ड्राइवर भर्ती करने के बाद प्रशिक्षित किए जाएंगे।