पांचवें चरण में 11 जिलों की 52 सीटों के लिए चुनाव होना था, लेकिन एक विधानसभा सीट का चुनाव स्थगित हो गया है। अंबेडकरनगर की आलापुर सीट के सपा प्रत्याशी की मृत्यु के कारण चुनाव स्थगित किया गया है। अब यहां पर नौ मार्च को मतदान होगा। ऐसे में पांचवें चरण में अब 51 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 27 फरवरी को होगा।
आज खत्म होगा प्रचार
चार चरणों के चुनाव निपटने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों ने पांचवें चरण के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री मोदी से लेकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद, राजबब्बर सहित सभी पार्टियों के दिग्गज इन क्षेत्रों में आखिरी जोर-आजमाइश में लगे हुए हैं। सभी पार्टियां अपने-अपने पक्ष में मतदाताओं को करने में जुटे हैं। पांचवें चरण का चुनाव प्रचार शनिवार की शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा।
यहां-यहां पड़ेंगे वोट
पांचवें चरण में बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अमेठी व सुलतानपुर जिले की 51 सीटों के लिए मतदान 27 फरवरी को होगा। इसमें चुनाव प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। सभी पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने इन क्षेत्रों में अपना ढेरा जमा लिया है।
आलापुर विधानसभा का चुनाव नौ को
1.84 करोड़ मतदाता करेंगे 607 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
पांचवें चरण में 12 जिलों की 51 विधानसभा सीटों के लिए 607 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। सोमवार को होने वाले मतदान में 1.84 करोड़ मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 99 लाख पुरूष व 85 हजार महिला मतदाता शामिल हैं।