पहले चरण में सूबे की 10 लोकसभा सीटों के लिए शनिवार सवेरे 11 बजे अधिसूचना जारी होगी।
इसके साथ ही इन सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उम्मीदवार 22 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। जबकि 26 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि नामांकन दाखिल करने के दौरान आरओ/एआरओ के कार्यालय के 100 मीटर के भीतर महज तीन वाहन ही लाए जा सकेंगे।
जबकि आरओ कक्ष में उम्मीदवार समेत पांच व्यक्ति ही मौजूद रह सकते हैं। इनमें उम्मीदवार के अतिरिक्त प्रस्तावक, निर्वाचन एजेंट व अन्य दो व्यक्ति शामिल होंगे।
मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य दल के उम्मीदवार को एक प्रस्तावक लाना होगा। जबकि गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवारों को 10 प्रस्तावक की जरूरत होगी।
प्रत्याशी देश के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से मतदाता हो सकते हैं, किंतु उनके प्रस्तावक उसी क्षेत्र के मतदाता होने चाहिए जिस क्षेत्र से वह पर्चा भर रहे हैं।
शपथ पत्र नोटरी से जारी होना चाहिए। इसके सभी कॉलम भरे होने चाहिए। एक प्रत्याशी अधिकतम चार सेट नामांकन पत्र दाखिल सकते हैं।
16 व 17 को नहीं होगा नामांकन
होली के कारण 16 व 17 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाएंगे। यानी 15 मार्च के बाद 18 मार्च को फिर नामांकन किए जा सकेंगे।
इन सीटों के लिए नामांकन
सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर व अलीगढ़।
यह है जमानत राशि
सामान्य उम्मीदवार - 25 हजार रुपये
एससी/एसटी-12,500 रुपये