चुनाव आयोग ने भाजपा के इलेक्शन कैंपेन के लिए बनाए गए वीडियो में कुछ बिंदुओं पर आपत्ति जताई है। लगभग चार मिनट के वीडियो में मुख्य रूप से पांच बिंदुओं पर आयोग ने एतराज जताया है।
उसने भाजपा से इसे संशोधित कर दोबारा भेजने को कहा है। वीडियो में प्रदेश की बदहाल व्यवस्था को दिखाया गया है। साथ ही जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार है उसका गुणगान किया गया है।
सूत्रों की मानें तो आयोग को जिन बातों पर एतराज है उसमें भाजपा की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक का अपने पक्ष में इस्तेमाल करना, राजस्थान के गवर्नर कल्याण सिंह का भाषण डालना, अखिलेश यादव की लैपटॉप योजना को घोटाला बताना, दंगे की तस्वीर का इस्तेमाल और ब्यूरोक्रेट्स की तस्वीरों को इस्तेमाल करना शामिल है।
इसके अलावा वीडियो में इस्तेमाल कुछ शब्दों को आयोग ने गलत बताया है। इसमें एक स्थान पर सर्जिकल स्ट्राइक और उसके बारे में भाजपा अध्यक्ष का भाषण है।