चुनाव जीतने के लिए अलग-अलग टोटके तो आपने सुने होंगे लेकिन ऐसा टोटका शायद ही सुना हो जब कोई प्रत्याशी चुनाव जीतने के लिए अपनी जीभ काटकर चढ़ाने का प्रयास करे।
चुनाव जीतने के लिए लोग अंधविश्वास का भी सहारा ले रहे हैं। बीडीसी का चुनाव जीतने के लिए यूपी के बाराबंकी जिले के सीहामऊ स्थित मोतीपुरी बाबा मंदिर में एक युवक ने बीते दिन जीभ काट कर चढ़ा दी। जीभ कटने के बाद युवक मंदिर में ही बेहोश हो गया। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण व मंदिर के पुजारी मामले को दबाए रहे। रात में होश में आने पर युवक अपने घर चला गया।
विकास खंड व थाना रामनगर के ग्राम सीहामऊ में प्राचीन मोतीपुरी बाबा का मंदिर है। यहां के पुजारी मनोज गोस्वामी ने बताया कि मंगलवार सुबह विनोद गौतम (45) पुत्र महादेव अगरबत्ती लेकर मंदिर आया था। उसने माचिस मांगी और मंदिर के अंदर चला गया।
काफी देर तक वह मंदिर से बाहर नहीं आया। थोड़ी देर बाद कुछ महिलाएं मंदिर के अंदर गई तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। मंदिर के अंदर विनोद बेहोश पड़ा था और चारों ओर खून फैला था। युवक विनोद द्वारा जीभ काटे जाने की सूचना पर पुजारी मनोज ने मंदिर का दरवाजा बंद कर दिया।
थोड़ी ही देर में सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। शाम को मंदिर में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। ग्रामीण व मंदिर के पुजारी मामले को दबाए रहे। किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
रात करीब नौ बजे विनोद को होश आया और वह घर चलाया गया। विनोद ने बताया कि वह बीडीसी का चुनाव लड़ना चाहता है। चुनाव में जीत के लिए उसने बाबा की समाधि पर अपनी जीभ चढ़ाई है। उसका कहना है कि एक बार पहले भी वह बीमारी से निजात पाने को इसी मंदिर में जीभ चढ़ा चुका है।