लखनऊ। गुरुद्वारे से दर्शन कर लौट रहीं सिंगारनगर निवासी सुदेश तलवार (80) की रोडवेज बस की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक बस लेकर भाग निकला।
सुदेश तलवार के बेटे मोहन तलवार के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर मां दर्शन के लिए सिंगारनगर स्थित गुरुद्वारा पैदल गई थीं। वहां से लौटने के दौरान रोड पार करते वक्त तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से वह घायल हो गईं। बस का पिछला पहिया उन पर चढ़ गया। हादसा देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। खबर पाकर परिजन भी पहुंच गए। घरवाले उन्हें लोकबंधु अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुदेश के परिवार में दो बेटे व एक बेटी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से बस और चालक के बारे में पता लगाने में जुटी है।