बख्शी का तालाब। बख्शी का तालाब इलाके में सोमवार दोपहर सीतापुर हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से पत्रकार सुरेंद्र कुमार मिश्र की पत्नी ममता मिश्रा (66) की मौत हो गई। वह बेटी और बहू के साथ सगाई समारोह में शामिल होने जा रही थीं। हादसे के बाद चालक एसयूवी लेकर भाग निकला।
माल के थरी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि उनके भाई अशोक मिश्र की बेटी नेहा की सोमवार को भिठौली के पास एक लॉन में सगाई थी। समारोह में जाने के लिए ममता अपने छोटे बेटे आशीष कुमार मिश्रा के पास नवीकोट नंदना आई थीं। बेटी रचना भी सीतापुर के बिसवां स्थित अपनी ससुराल से पहुंची थी। दोपहर करीब 12 बजे ममता सवारी पकड़ने के लिए सीतापुर हाईवे पार कर रही थीं। ममता आगे थीं और बेटी रचना व बहू कीर्ति पीछे थी। इसी दौरान लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार काली एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ममता को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से एसयूवी चालक का पता लगाया जा रहा है।