राजधानी में कई दिनों बाद कोरोना मरीजों का ग्राफ बढ़ा है। बृहस्पतिवार को आठ नए मरीज सामने आए। इसमें गोमतीनगर विस्तार के अपार्टमेंट के रहने वाले एक परिवार की तीन महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डॉक्टरों ने सभी को होम आइसोलेशन में भेजा है। टीम के जरिए उन्हें दवा किट भेजी जा रही है। शहर में चार अगस्त को 17 मरीज सामने आए थे। इसके बाद मरीजों का आंकड़ा छह या सात तक सिमट रहा था।
बृहस्पतिवार को आठ मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गोमतीनगर विस्तार के एक फ्लैट में रहने वाली युवती बंगलूरू से पांच सितंबर को आई थी।
कुछ दिन बाद उसे हल्का बुखार आया। जांच में दो बार युवती की रिपोर्ट निगेटिव आई। बृहस्पतिवार को तीसरी बार में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
युवती की बहन व उसकी मां भी संपर्क में आने से संक्रमित हुई हैं। टीम ने सभी को होम आइसोलेशन में भेजा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. अतुल ने मरीज व उनके परिजनों के संपर्क में आए लोगों की जांच कराने के लिए टीम को भेजा है।
सीएमओ डॉ. मनोज के मुताबिक, आठ मरीज मिलने संग कोई भी मरीज डिस्चार्ज नहीं हुआ। वहीं जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या अभी 23 है।
डेंगू के सात नए मरीज मिले
शहर में बृहस्पतिवार को डेंगू के सात नए मरीज सामने आए। सभी की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये मरीज बालागंज, जानकीपुरम, कैंट व मड़ियांव छठामील के रहने वाले हैं। सभी घर पर इलाज करवा रहे हैं। बलरामपुर अस्पताल में बृहस्पतिवार को बलरामपुर आए छह मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। सभी मरीज बीते कुछ दिनों से बुखार की चपेट में हैं। तबीयत अधिक बिगड़ने पर अस्पताल आए थे। इसके अलावा एक मरीज लोकबंधु अस्पताल की ओपीडी में बुखार की शिकायत पर आया था। डेंगू की दवा देने संग कोविड कमांड सेंटर से हर रोज उनका हाल लिया जा रहा है।