स्टंटबाजी कर रहे युवकों की आठ बाइक पुलिस ने कीं सीज
- फोटो : अमर उजाला
यातायात माह के शुरू होने के कुछ देर बाद ही लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने जनेश्वर मिश्र पार्क के पास स्टंटबाज युवकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान तेज रफ्तार में कलाबाजी करते हुए छह युवकों को दबोच लिया गया। वहीं कुछ वहां से भाग निकले। पुलिस ने मौके से आठ बाइक सीज कर दी हैं।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर विस्तार अखिलेश चंद्र पांडेय के मुताबिक, अवकाश के दिन अक्सर जनेश्वर मिश्र पार्क व फ्लाईओवर के आसपास स्पोर्ट्स व रेसर बाइक लेकर दर्जनों युवक जुटते हैं। यहां पर अक्सर तेज रफ्तार में बाइकों की रेस होती है। इस दौरान कलाबाजी भी की जाती है।।
इसकी सूचना रविवार दोपहर में पुलिस को राहगीरों ने दी। सूचना मिलने के बाद दरोगा रमेश पटेल, जितेंद्र कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने दोनों तरफ से घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इस दौरान पार्क के सामने व फ्लाईओवर के नीचे कुछ युवक स्टंट करते हुए दिखे। पुलिस को वहां भगदड़ मच गई। युवक भागने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ लिया। वहीं मौके से आठ बाइक भी बरामद कीं। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय के मुताबिक, पकड़े गए युवकों में विश्वासखंड निवासी शुभांकर मित्तल, अलीगंज फैजुल्लागंज पुरनिया का अनुराग कनौजिया, खरगापुर का रुद्रांश त्रिपाठी, विरामखंड का युयूत्सू सिंह, पुन्नापुर हरदोई का अजय और विभूतिखंड हैनीमैन चौराहा के पास का चंदन शामिल है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। युवकों की उम्र 18 से 26 साल के बीच है।