थाने के सामने प्रदर्शन के दौरान पुलिस और मृतक के परिजनों में हुई झड़प। (फाइल फोटो)
गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी के कार्यवाहक इंस्पेक्टर प्रदीप यादव व अन्य आठ पुलिसकर्मियों से झड़प के बाद मारपीट के मामले में पकड़े गए पांचों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। वहीं, फुटेज और तस्वीर के जरिये पुलिस घटना में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा थाने के सामने प्रदर्शन के लिए परिजनों को उकसाने वाली दो महिला समेत चार लोगों की तलाश जारी है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के मुताबिक पुलिस कर्मियों से मारपीट के आरोपी कैंट के नीलमथा निवासी राजाराम (46), विद्यानगर के अमन कुमार (21), तोपखाना निवासी अरविंद चटियार (28), कटहरी बाग निवासी पिंटू (25) व सुशांत गोल्फ सिटी के बरौना निवासी आनंद कुमार (25) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
वारदात में शामिल 20 अज्ञात लोगों की पहचान के लिए पुलिस फुटेज और फोटो का सहारा ले रही है। इसी बीच मृतक अरुण कुमार की भतीजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें कहा कि दो महिला और दो पुरुष उसके घर आए थे। उन लोगों ने खुद को एक चैनल का पत्रकार बताया। उन्हीं के कहने पर परिजन थाने के बाहर धरना प्रदर्शन करने पहुंचे थे, तभी पुलिस से झड़प हो गई।
गौरतलब है कि लुलु मॉल के सफाईकर्मी अरुण के हत्यारोपियों को थाने से छोड़ने से नाराज परिजनों ने शनिवार को थाने के सामने हंगामा किया था। इसी दौरान पुलिस से परिजनों की झड़प हो गई थी। इसमें नौ पुलिस कर्मियों को चोटें आईं थीं। वहीं अरुण के परिवार के दस लोग घायल हो गए थे। कार्यवाहक इंस्पेक्टर की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद और 20 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया था।