लखनऊ के कई इलाकों में किसान नेताओं व समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। किसान यूनियन लोकतांत्रिक प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार, बाबी सिंह, अर्जुन सिंह, सज्जन सिंह सहित सैकड़ों किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, रोड जाम करने पर भी पुलिस ने किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया।
इटौंजा में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने किसान बिल का पुतला जलाया। राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष राकेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की सख्ती से नहीं दिखे किसान
बरेली में पुलिस की सख्ती से किसान अभी सड़कों पर नहीं दिखे। एकता संघ के नेता को रात ढाई बजे ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया था। सपा के बड़े नेताओं को उन्हीं के घरों में नजरबंद कर दिया गया।
अयोध्या में दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
अयोध्या में किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए। हाउस अरेस्ट तोड़कर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए। शहर के नेहरू भवन कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए पुलिस ने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कस्टडी में ले लिया।
किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन ने गांधी पार्क व तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया। गांधी पार्क का गेट खोलकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बाहर निकल आए और सड़क पर धरना दिया। सरकार विरोधी नारे लगाए। भारतीय किसान यूनियन की महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस से भिड़ंत हुई। बैरिकेडिंग हटाकर किसान यूनियन की महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं।
मेरठ में किसान आंदोलन की आड़ में जिले में उन्माद फैलाने की आशंका के चलते 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिनको अलग-अलग थानों में रखा गया है। बताया गया कि 8 लोगों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। एसएसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक, किसानों के भारत बंद आह्वान का असर मेरठ में नहीं है।
एनएच 58 हाईवे पर कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जटोली और परतापुर थाना क्षेत्र के घोपला गांव के सामने किसानों ने जाम लगा दिया। इसके अलावा भी कई जगहों पर किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से जाम लगाकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया।
मेरठ में जिटौली कट के नजदीक जाम लगा रहे किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी को वापस भेज दिया। तहसीलदार सदर शिल्पा एरन सरकारी गाड़ी से जानी में किसानों से ज्ञापन लेने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान किसानों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया।
तहसीलदार सदर शिल्पा गाड़ी से उतरीं और कहने लगीं, भाई मैं तहसीलदार हूं, मेरी गाड़ी को तो निकलने दो। आप लोगों ने रास्ता क्यों रोका है? सरकारी गाड़ी तो जाने दो। काफी देर तक तहसीलदार बोलती रहीं लेकिन किसी ने एक न सुनी। किसानों ने उन्हें सड़क पर ही रोके रखा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन नेताओं को किया गया नजरबंद
मेरठ में सपा नेता पवन गुर्जर को उनके नूर नगर आवास में पुलिस ने नजरबंद कर दिया। सहारनपुर में बसपा जिलाध्यक्ष को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। वहीं रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम को भी पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद किया। बागपत में रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना को उनके घर पर नजरबंद कर दिया। बड़ौत में रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी, डॉ अजय तोमर को भी उनके घरों में नजरबंद किया। शामली में पुलिस ने रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन को उनके आवास पर नजरबंद किया।
गजरौला में स्टेट हाइवे पर धरने पर बैठे किसान
गजरौला में दिल्ली जा रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजय पाल सिंह समेत तमाम किसानों को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया है। किसान स्टेट हाईवे पर धरना देकर बैठ गए। इस कारण मंडी धनौरा और दिल्ली की ओर से मंडी धनौरा की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। एसडीएम विवेक यादव और सीईओ सत्येंद्र सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।
वहीं, चंदौसी में संभल तिराहे पर भीम आर्मी ने किसान आंदोलन के समर्थन में जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के लिए कार्यक्रम निर्धारित न होने पर कोतवाल देवेंद्र कुमार शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष रविंद्र कुमार को पकड़कर कोतवाली ले गए। फिर जबरन जाम खुलवा दिया।
बहराइच में सपा का जोरदार प्रदर्शन
बहराइच में सपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री व मटेरा विधायक यासर शाह की अगुवाई में सपाई सड़कों पर उतरे। पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे अरविंद सिंह गोप हाउस अरेस्ट
बाराबंकी में पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें जानकारी दी।
प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के चिनहट में रोकी ट्रेन
किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने चिनहट के मल्हौर में ट्रेन रोकी। कार्यकर्ताओं ने एमएलसी राजेश यादव उर्फ राजू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।
देशव्यापी किसान आंदोलन के तहत मंगलवार को भारत बंद के दौरान सुबह और सोमवार की रात में ही मऊ के सपा और कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने उनके घर पर ही नजर बंद कर दिया। कई लोगों को पुलिस ने उनके घर से निकलने पर रोक लगा दी। सोमवार की देर रात रानीपुर ब्लॉक के धर्मसीपुर में सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।
वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम को घोसी स्थित आवास पर, कांग्रेस शहर अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राष्ट्रकुंवर सिंह को डुमरी मर्यादपुर स्थित उनके आवास पर, सपा के लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष धीरज राजभर को शहर के सहादतपुरा स्थित उनके अवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
लखनऊ की दुबग्गा सब्जी मंडी बंद, आढ़तियों को बंदी से तीन करोड़ का नुकसान
राजधानी लखनऊ में नवीन दुबग्गा फल व सब्जी मंडी किसान आंदोलन के समर्थन में पूरी तरह बंद रही। मंडी के अंदर पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा। बता दें कि दुबग्गा सब्जी मंडी से प्रदेश के छह जिलों में सब्जियां जाती हैं। आढ़तियों का कहना है कि मंडी बंद होने से करीब तीन करोड़ का नुकसान है।
कृषि कानून किसान को बर्बाद कर देंगे, इन्हें बिना देर लगाए वापस ले सरकार
किसानों के समर्थन में बाराबंकी के सफेदाबाद क्रॉसिंग पर किसान व समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कहा कि सरकार को बिना देर लगाए इन कृषि कानूनों को वापस ले लेना चाहिए। ये कानून किसान को बर्बाद कर देंगे।
कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजरबंद किया
बलरामपुर में पूर्व विधायक तथा कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजर बंद कर दिया गया।
लखनऊ विधान भवन में सपा एमएलसी धरने पर बैठे
लखनऊ के विधानभवन में समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन में धरने पर बैठकर किसानों आंदोलन का समर्थन किया।
बाराबंकी में हाईवे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा
बाराबंकी में हाईवे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। लखनऊ जाने वाले सभी मार्गों पर चौकसी बरती गई।
सीतापुर: सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद किया
सीतापुर जिले के लहरपुर में सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद किया।
पूर्व राज्यमंत्री व सपा नेता पवन पांडे भी नजरबंद
पूर्व राज्यमंत्री व सपा नेता पवन पांडे भी नजरबंद किए गए। सभी के आवास पर पुलिस के जवान तैनात रहे। वहीं, भारतीय किसान यूनियन ने गांधी पार्क व तिकोनिया पार्क में धरना दिया।