लखनऊ की सराफा बाजार पर अमेरिका और ईरान की तनातनी का व्यापक असर पड़ा है। सोने की कीमत बढ़ने के अंदेशे से सोने और गहने की खरीद-फरोख्त ठप हो गई। शोरूम में सन्नाटा पसरा रहा। कारोबारी सोमवार को सोने के खुलने वाले नए रेट को लेकर आशंकित हैं।
कारोबारियों का कहना कि एक तो सहालग न होने से बाजार में पहले ही खरीददार कम थे, पर इस तनातनी से सन्नाटा हो गया है। लखनऊ सराफा एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप कुमार अग्रवाल ने रविवार को बताया कि अमीनाबाद, आलमबाग, चौक, महानगर, भूतनाथ मार्केट इंदिरानगर, गोमतीनगर के शोरूम में एवं बुलियन यानी सोने को बिस्कुट के रूप में बेचने वाले शोरूम में कारोबार नहीं हुुआ। कारोबारियों ने न ही बुलियन से सोने की डिलीवरी के लिए बुकिंग कराई और न ही 14 जनवरी से शुरू हो रही सहालग के लिए ग्राहकों के गहनों की बुकिंग ली।
दरअसल, बुलियन कारोबारी रविवार को जिस रेट में सोने की बुकिंग लेते हैं, अगर सोमवार को उसका रेट अधिक खुलेगा तो नुकसान होने का अंदेशा है।