242 स्कूलों को मान्यता खत्म करने की चेतावनी, इनमें यूपी बोर्ड, आईसीएसई और सीबीएसई के कई बड़े स्कूलों के भी नाम
यू डायस पोर्टल पर ब्योरा अपलोड करने के लिए कल तक का अल्टीमेटम
राजधानी के 242 से ज्यादा स्कूलों को बेसिक शिक्षा विभाग ने मान्यता खत्म करने की चेतावनी दी है। इन स्कूलों ने विभाग के बार-बार निर्देश देने के बावजूद यू डायस पोर्टल पर अपना ब्योरा अपलोड नहीं किया। इन सभी स्कूलों को 15 जुलाई तक का समय दिया गया है। विभाग में चेतावनी दी है कि अंतिम तिथि के बाद जिन स्कूलों का ब्योरा पोर्टल पर नहीं मिलेगा वे बंद माने जाएंगे और उनकी मान्यता खत्म कर दी जाएगी। सूची में यूपी बोर्ड, आईसीएसई और सीबीएसई के कई बड़े स्कूलों के भी नाम हैं।
राजधानी के इन स्कूलों की सूची माध्यमिक और बेसिक दोनों विभागों ने मिलकर तैयार की है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमर कांत सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों की सूची एकत्रित कर इनको नोटिस भेज दिया गया है। इनमें प्राइमरी, जूनियर और इंटर लेवल तक के स्कूल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से इन स्कूलों को यू डायस पोर्टल पर ब्योरा अपलोड करने का निर्देश दिया जा रहा है, लेकिन ये स्कूल निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं। इनमें से कुछ ने ब्योरा दिया भी है तो वह अधूरा है। बीएसए ने बताया कि इन सभी स्कूलों को अंतिम बार नोटिस दिया गया है।
इनके नाम सार्वजनिक करते हुए विभाग में चस्पा कर दिए गए हैं। इन स्कूलों को हर हाल में 15 जुलाई शाम पांच बजे तक ब्योरा अपलोड करना होगा। इसके बाद जो स्कूल रह जाते हैं, उनको बंद मानते हुए मान्यता खत्म कर दी जाएगी। इस कार्रवाई के बाद यदि स्कूल संचालित मिले तो उनके खिलाफ आरटीई के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रति दिन के हिसाब से स्कूलों से 10 हजार रुपये अर्थदंड वसूला जाएगा।