परिवहन विभाग की क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक में मंगलवार को राजधानी के ट्रैफिक सिस्टम को सुधारने पर व्यापक चर्चा हुई। इसमें ई-रिक्शा की तादाद को कम करने और रात को सवारी ढोने पर प्रतिबंध लगाने की सहमति बनी। यानी ई-रिक्शा अब रात में सवारी नहीं ढो सकेंगे।
सड़कों पर सुबह से शाम तक लग रहे जाम के चलते उनके कई रूट को प्रतिबंधित करने का फैसला हुआ है। प्राधिकरण के सचिव एवं संभागीय परिवहन अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मंडल आयुक्त अनिल गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डीएम कौशल राज शर्मा एवं एसएसपी दीपक कुमार ने शिरकत की।
इसमें एसएसपी ने कहा गया कि ई-रिक्शा के चलते ट्रैफिक सिस्टम प्रभावित हो रहा है, जिससे उनकी बढ़ती तादाद पर रोक लगाने के लिए पंजीकरण को प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने कहा ई-रिक्शा के चलने के रूट तय हों और अति व्यस्त रूट पर संचालन को प्रतिबंधित किया जाए।