लखनऊ। चिनहट स्थित पासी टोला निवासी अमर सिंह (40) ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। उनके भाई का आरोप है कि ई रिक्शा मालिक की प्रताड़ना से आहत होकर अमर ने यह कदम उठाया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
उमेश ने बताया उनका भाई अमर रोजाना चिनहट स्थित देवा सतरिख रोड निवासी ई रिक्शा मलिक का ई रिक्शा 350 रुपया रोजाना के किराये पर लेकर चलाता था। पांच जनवरी को अमर ई रिक्शा लेकर जा रहा था, तभी चिनहट तिराहे पर कार से टक्कर हो गई। इस पर कार चालक से उसकी कहासुनी हो गई। कार चालक ने कार बनवाने के लिए तीन हजार रुपये मांगे और ई रिक्शा से बैटरी निकाल ले गए। अमर सिंह ने घटना की जानकारी ई रिक्शा मालिक को दी तो वह बैटरी के 8,5000 रुपये मांगने लगा। उमेश का आरोप है कि ई रिक्शा मालिक रुपयों के लिए लगातार परेशान कर रहा था।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज तेज कुमार शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को पीड़ित की शिकायत पर जांच की गई थी। संदेह जताया गया है कि अमर नशे का आदी था। हो सकता है कि उसने ही बैटरी बेच दी हो। जांच जारी है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।