रायबरेली में बुधवार को ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में सड़क पटरी पर लाइन से खड़े वाहन।
ऊंचाहार (रायबरेली)। सड़क किनारे खड़े वाहनों से भिड़कर आए दिन घटनाएं हो रहीं हैं। जिनमें लोग जान भी गवां रहे हैं। इसके बावजूद डलमऊ-ऊंचाहार मार्ग पर डंपर चालकों की मनमानी जारी है। राजमार्ग निर्माण कार्य की आड़ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की जा रही है। ऐसे में आए दिन सड़क हादसों का शिकार क्षेत्र के लोगों को होना पड़ रहा है।
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग से डलमऊ को जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब तीन हजार छोटे-बड़े वाहनों से आठ हजार लोगों का आना-जाना रहता है। इस मार्ग पर रामसांडा गांव के पास प्रतिदिन 50 डंपर सड़क की एक पटरी पर दिन-रात खड़े रहते हैं। इससे डलमऊ व ऊंचाहार की ओर से आने वाले वाहन को समस्या होती है। इस दौरान जाम की भी स्थिति बनी रहती है।
स्कूली बच्चों के आते-जाते समय सबसे अधिक हादसे की आशंका रहती है। राहगीर किशोरी लाल, जावेद, रघुवीर सिंह, मोनी मौर्या, रामराज, शिव गणेश ने बताया कि डंपरों के खड़े होने से सड़क पर गुजरना मौत को दावत देने के समान है। दोनों तरफ वाहनों के आने पर सड़क पर जगह नहीं रहती है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क से गुजरने में डर लगता है। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि सड़क पर वाहनों को खड़ा करना गलत है। वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।