वाशिंगटन सुंदर के कॅरिअर बेस्ट 88 रन की मदद से पहली पारी में 483 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद इंडिया रेड के स्पिनरों ने अपना जादू चलाते हुए दलीप ट्रॉफी के फाइनल में इंडिया ब्ल्यू पर शिकंजा कस लिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंडिया ब्ल्यू ने पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 181 रन बना लिए।
टीम के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन एक छोर पर लंगर डालते हुए 87 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि, कप्तान सुरेश रैना महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फालोआन से बचने के लिए इंडिया ब्ल्यू को अभी 103 रन और बनाने होंगे जबकि, टीम के पांच विकेट शेष हैं।
ऐसे में ईश्वरन के साथ 27 रन बनाकर खेल रहे जयदेव उनादकट पर सारा दारोमदार होगा। हालांकि इंडिया रेड की पारी के दौरान बासिल थंपी, अशोक डिंडा और सिद्धार्थ कौल की तिकड़ी ने महज छह ओवर डाले।
इकाना स्पोर्ट्स स्टेडियम में कल के पांच विकेट पर 317 रन से आगे खेलते हुए इंडिया रेड के लिए निचले क्रम में वाशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभालते हुए पचासा जड़ा। इशांक जग्गी ने 30 और विजय गोहिल ने 29 रन की उपयोगी पारी खेलते हुए सुंदर का भरपूर साथ दिया। सुंदर ने 88 रन बनाकर टीम के आखिरी आउट होने वाले बल्लेबाज बने। इस पारी के दौरान उन्होंने 118 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और पांच छक्के जड़े। इंडिया रेड ने 127.2 ओवर खेलते हुए 483 रन बनाए। भार्गव भट्ट ने चार और अक्षय ने तीन विकेट हासिल किए।