लविवि के छात्रों के धरने से हनुमान सेतु में लगीं वाहनों की कतारें
लखनऊ। आईटी चौराहे पर बृहस्पतिवार की रात लखनऊ विवि के छात्रों के धरने से आईटी कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान हनुमान सेतु तक वाहनों की कतारें नजर आईं। जाम बढ़ता देखकर पुलिस के हाथ पैर फूल गए। छात्रों को हटाने के लिए भीड़ नियंत्रण वाहन बुलाना पड़ा। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक व्यवस्था को संभाल कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की।
हबीबुल्लाह से लड़ाई की शुरूआत प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अनुसार, बुधवार की दोपहर विवि के दो छात्र और तीन लड़कियां एक अन्य छात्र को लेने हबीबुल्लाह छात्रावास गए थे। वहां इनकी छात्रावास के एक छात्र के साथ झगड़ा हुआ। इन्होंने इसकी शिकायत प्रॉक्टर ऑफिस में की। प्रॉक्टर ऑफिस कुछ करता उसके पहले ही डे स्कॉलर्स और कुछ बाहरी लोगों ने परिसर में मारपीट कर ली।
सोती रही एलआईयू, घटना से नहीं लिया सबक
लखनऊ विश्वविद्यालय में छोटी बातों पर जानकारी करने वाली एलआईयू को छात्रों के बवाल की सूचना नहीं हुई। छात्रावास के छात्रों को पीटे जाने से नाराज छात्र बुधवार से ही कुलपति आवास घेरने की योजना बना रहे थे। एलआईयू को इनकी योजना और दूसरे पक्ष के गतिविधि की कोई जानकारी नहीं हो सकी।