लखीमपुर हिंसा में लखनऊ के कारोबारी अंकित अग्रवाल का नाम कांग्रेस नेता रहे स्वर्गीय अखिलेश दास से जोड़े जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद अहमद खान ने कहा कि अंकित कांग्रेस के नहीं, बल्कि भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि अंकित का नाम अखिलेश दास से जोड़कर उन्हें और कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश है। इसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
लखीमपुर की घटना में मृत दलित के परिजन से मिले डॉ. निर्मल
उप्र अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने जयपरा मजरा शिवहा पहुंचकर लखीमपुर की घटना में मृत दलित श्याम सुंदर के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान श्याम के पिता बालक राम ने आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही बेटे को न्याय दिलाने की मांग की। डॉ. निर्मल ने कहा कि कांग्रेस, सपा व बसपा नेता दलित परिवार से मिलने नहीं पहुंचे, इससे स्पष्ट है कि विपक्ष के एजेंडे में दलित नहीं है। लखीमपुर की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से कांग्रेस, सपा माहौल को खराब कर राजनैतिक लाभ लेना चाहते हैं। उन्होंने मृत पत्रकार रमन कश्यप के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।