छात्र के बड़े भाई ने बताया कि उसके पिता बहरीन में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह यहां मां, एक भाई व एक बहन के साथ रहता है। सबसे छोटा भाई स्कूल में कक्षा चार का छात्र है और बस से स्कूल से घर आता-जाता है।
बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे स्कूल की छुट्टी होने पर वह बस में बैठकर खेल रहा था। खेल-खेल में ही उससे बस का विंड स्क्रीन टूट गया। ड्राइवर ने उसे जमकर डांटा, इससे वह घबराकर भाग गया। काफी देर तक भाई स्कूल से नहीं लौटा तो चिंता होने लगी।
स्कूल में संपर्क करने पर उसके लापता होने की जानकारी मिली तो परिवारीजनों के होश उड़ गए। वह स्कूल पहुंचे और स्टाफ के साथ मिलकर भाई की खोजबीन शुरू की। उधर, देर शाम चाइल्ड लाइन को चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्कूल ड्रेस पहने एक सहमा हुआ बच्चा मिला तो उससे पूछताछ की गई।
बाल कल्याण समिति की सदस्य सुधा रानी का कहना है कि बच्चे के चोट भी लगी थी। उसने पूरी घटना की जानकारी दी, इसके बाद जानकीपुरम पुलिस से संपर्क किया गया। बच्चे के मिलने की खबर सुनकर परिवारीजनों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।