उप्र. राज्य सड़क परिवहन निगम के ड्राइवर-कंडक्टर समेत 50 हजार कर्मचारी 9 अप्रैल से हड़ताल करेंगे। इससे रोडवेज की 10 हजार बसों (अनुबंधित एवं गैर अनुबंधित) का चक्का जाम हो जाएगा। यह घोषणा गुरुवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में निगम मुख्यालय में हुए कर्मचारियों के प्रदर्शन में की गई।
संयुक्त परिषद के अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडेय एवं महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्र ने बताया कि कर्मचारी 9 अप्रैल की सुबह से और ड्राइवर-कंडक्टर 8 अप्रैल की रात 12 बजे से ही हड़ताल पर चले जाएंगे। 8 की रात 12 बजे से पहले जो बस चल जाएगी वह गंतव्य तक जाएगी, लेकिन 12 बजे के बाद कोई बस नहीं चलेगी।
उन्होंने बताया कि नियमित कर्मियों को 7वां वेतनमान और संविदा ड्राइवरों-कंडक्टरों को फिक्स वेतन देने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन में करीब 12 हजार ड्राइवर-कंडक्टर शामिल हुए। प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला से वार्ता भी हुई, लेकिन नियमित कर्मियों को 7वां वेतनमान और संविदा ड्राइवरों एवं कंडक्टरों को फिक्स वेतन देने पर सहमति नहीं बनी।