बिना सिफारिश के पाई नौकरी तो काम में भी दिखे ईमानदारी
नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब बगैर सिफारिश, पारदर्शी व्यवस्था के तहत उनकी प्रतिभा के अनुसार चयन हुआ है तो सेवाकाल में ईमानदारी का भाव ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नौकरी के एवज में मिलने वाला वेतन जनता के सहयोग से दिया जाता है, तो जवाबदेही भी जनता के प्रति होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अरसे बाद फायरमैन और घुड़सवार पुलिस के पदों पर भर्ती होने पर भी खुशी जताई, साथ ही महिलाओं के चयन पर प्रसन्नता जताई। साथ ही कहा कि अक्सर जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में फ़ायरस्टेशन की मांग करते थे, अब फायरमैन की नियुक्ति हो गई है, सो जनप्रतिनिधियों की मांग भी पूरी हो जाएगी। सीएम ने पुलिस के अनोखे विंग "घुड़सवार पुलिस" की महत्ता भी बताई।
योगी सरकार ने कायम किया "रूल ऑफ लॉ: सुरेश खन्ना
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि योगी सरकार ने वर्षों से प्रतीक्षित "रूल ऑफ लॉ" की आकांक्षा को पूरा किया है। इन चार वर्षों में प्रदेश के हर क्षेत्र में एक व्यवहारिक परिवर्तन देखने को मिला है। पूरी शुचिता और ईमानदारी के साथ 4 लाख से अधिक सरकारी पदों के लिए युवाओं का चयन हुआ है। यही नहीं, योगी सरकार ने न केवल नौकरी के लिए पारदर्शी रीति से चयन किया है, बल्कि प्रोन्नति की प्रक्रिया भी समयबद्घ कर कार्मिकों का मनोबल बढ़ाया है। नवनियुक्त जेल वॉर्डरों को शुभकामनाएं देते हुए वित्त मंत्री खन्ना ने कहा जेल का नाम 'बन्दी सुधार गृह' है, इसके उद्देश्यों को साकार करने में जेल वॉर्डरों की बड़ी भूमिका है। जेल में संचालित सुधार कार्यक्रमों को सफल बनाने में हर जेल वॉर्डर को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
वहीं, कारागार विभाग के राज्य मंत्री जय कुमार सिंह 'जैकी' ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के जेलों में सीसीटीवी, वीडियो वॉल ड्रोन आदि आधुनिकतम तकनीक के माध्यम से सुरक्षा तंत्र और मजबूत हुआ है। अंग्रेजों के जमाने के जेल मैनुअल में जरूरी बदलाव किए गए हैं। अब मानव संसाधन की कमी दूर करने की दिशा में जेल वॉर्डर की तैनाती हो रही है। बीते चार सालों में यूपी के कारागार सही अर्थों में 'सुधार गृह' के रूप में उभर कर आए हैं। कार्यक्रम में आभार ज्ञापन करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा ने बोर्ड की पारदर्शी कार्यसंस्कृति के बारे में जानकारी देते हुए भावी कार्यक्रमों से परिचित कराया।