समाजवादी पार्टी के एमएलसी संजय लाठर को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। अहमद हसन के निधन के बाद यह पद रिक्त चल रहा था। इस बारे में विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि लाठर 28 मार्च से विधान परिषद में नेता विरोधी दल होंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य विधान मंडल (सदस्यों की उपलब्धियां और पेंशन) अधिनियम के तहत उन्हें मंत्रि-परिषद के सदस्यों के समान वेतन, आवास, सवारी और ऐसी अन्य सुविधाएं दी जाएंगी, जिनका अधिनियम में प्रावधान किया गया है।
संजय लाठर का विधान परिषद सदस्य के तौर पर मौजूदा कार्यकाल 26 मई 2022 तक है। वह मनोनीत क्षेत्र से परिषद के सदस्य हैं।