लखनऊ। केजीएमयू की महिला रेजिडेंट डॉक्टर के यौन शोषण और धर्मांतरण के आरोपी डॉ. रमीज मलिक के विदेश दौरों की जांच शुरू हो गई है। पुलिस उसके विदेशियों से कनेक्शन भी खंगाल रही है। जांच की शुरुआत आगरा से की गई है, जहां से रमीज ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई की है। इस जांच के साथ पुलिस ने रमीज का हिंदू युवती से निकाह कराने वाले काजी और गवाह की तलाश भी तेज कर दी है।
एमबीबीएस की पढ़ाई से लेकर केजीएमयू में पीजी में दाखिले तक रमीज मलिक ने देश में किन शहरों और विदेश में किन देशों की यात्रा की, वह किन-किन लोगों से मिला, इसका ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस विशेष रूप से रमीज के विदेश में बने कनेक्शन का पता लगा रही है।
पुलिस के सूत्र बताते हैं कि आगरा में एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान ही रमीज की मुलाकात उसकी कथित पहली पत्नी से हुई थी। प्यार के जाल में फंसाकर रमीज व उसके घरवालों ने युवती का धर्मांतरण कराकर पीलीभीत ले जाकर निकाह कराया था। अब चौक पुलिस आगरा में रमीज का पूरा ब्योरा खंगाल रही है। वह आगरा में कहां-कहां रहा, किन-किन लोगों से उसकी जान-पहचान थी, आगरा में उसकी क्या गतिविधियां रहीं, यह सारे तथ्य पुलिस जुटा रही है।
हाल में ही आगरा पुलिस ने धर्मांतरण करने वाले एक गैंग का खुलासा करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ये भी जांच कर रही है कि रमीज का उस गैंग से कोई संबंध तो नहीं। सूत्र बताते हैं कि जांच के क्रम में चौक पुलिस की एक टीम जल्द ही आगरा भेजी जाएगी।
सोशल मीडिया नेटवर्क पर भी नजर
मोबाइल फोन हाथ लगने के बाद पुलिस सारा डाटा रिकवर कराने में जुटी है। माना जा रहा है कि पुलिस के हाथ चढ़ने से पहले ही रमीज ने बहुत से चैट, तस्वीर, वीडियो परमानेंट डिलीट किए थे। अब पुलिस विशेषज्ञों की सहायता से उसके सोशल मीडिया नेटवर्क को खंगालने के प्रयास में है। वह कैसे ग्रुप में जुड़ा था, किनसे नियमित बातें करता था, इन सब का आंकड़ा भी पुलिस जुटाने में लगी है।
लगातार छापा मार रही है पुलिस
रमीज की कथित पहली पत्नी के धर्मांतरण के मामले में निकाह करने वाले आरोपी पीलीभीत निवासी काजी सैय्यद जाहिद हसन और गवाह शारिक खान को चौक पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की एक टीम पीलीभीत में डेरा डाले हैं। फिलहाल दोनों अंडरग्राउंड हैं। पुलिस दोनों की तलाश में लगातार छापे मार रही है। सूत्र बताते हैं कि काजी के पकड़े जाने पर ये पता लगाया जाएगा कि कहीं उसने और भी हिंदू लड़कियों का इस तरह धर्मांतरण के बाद निकाह तो नहीं पढ़ाया। डीसीपी ने बताया कि दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जेल में गुमसुम दिखा रमीज, नाश्ता किया पर खाना नहीं खाया
जिला जेल भेजा गए रमीज को सर्किल-एक के मुलाहिजा बैरक में रखा गया है। जेल सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की रात रमीज ने खाना नहीं खाया। पूरी रात बैरक में करवटें बदलता रहा। भोर में थोड़ी देर के लिए सोया और सुबह जल्दी उठ गया। शनिवार को भी वह गुमसुम रहा। उसने सुबह का नाश्ता तो किया पर खाना नहीं खाया। बैरक में मौजूद दूसरे बंदियों ने जब उसको खाने के लिए कहा तो उसने भूख न लगने की बात कही। रमीज जिला जेल में बंद माता-पिता को लेकर काफी चिंतित दिखा। रमीज के पिता सलीमुउद्दीन भी सर्किल-एक में अलग बैरक में और मां खदीजा महिला सर्किल में बंद हैं। रमीज के रवैये को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसकी निगरानी बढ़ा दी है।