सोमवार को ऐशबाग जलकल और गऊ घाट पम्पिंग स्टेशन के बीच पेयजल क्षमता बढ़ाने के लिए बिछाई गई नई राइजिंग मेन लाइन को कनेक्ट करने का काम शुरू किया जाएगा।
सुबह की पेयजल आपूर्ति करने के बाद पानी की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। लाइन कनेक्ट करने का काम पूर्वान्ह 11 बजे से शुरू होगा और यह बुधवार को पूर्वान्ह 11 बजे तक चलेगा।
इस बीच पानी की सप्लाई को ऐशबाग जलकल से पूरी तरह रोक दिया जाएगा। सप्लाई रुकने के बाद ही लाइन को कनेक्ट करने का काम शुरू होगा।
लाइन को कनेक्ट करने का काम पूरा होने के बाद पहले उसका ट्रायल किया जाएगा फिर आपूर्ति बहाल की जाएगी। इस दौरान ऐशबाग जलकल से जुड़े इलाके क लेागों को पानी का इस्तेमाल कियाफत से करना होगा।
पेयजल की बर्बादी पर संकट का सामना करना पड़ सकता है। नई राइजिंग मेन लाइन शुरू होने के बाद गढ़ी कनौरा, केकेसी और महेंदी गंज को विशेष रूप से फायदा होगा।
अभी इन इलाकों में सिर्फ नलकूप से पेयजल की आपूर्ति होती है मगर नई लाइन चालू होने के बाद यहां पर जलकल से पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
ऐशबाग जलकल से गऊघाट तक डाली गई नई राइजिंग मेन लाइन को कनेक्ट करने चलते तीन दिन तक जलकल से जुड़े पांच जोनल पम्पिंग स्टेशनों को जलकल से पानी की आपूर्ति बंद की जाएगी।
इनमें राजेंद्र नगर,लालबाग,हैलवक रोड, केकेसी और मीराबाई मार्ग जोनल पम्पिंग शामिल हैं। पानी न मिलने के कारण इन जोनल पम्पिंग स्टेशनों से जुड़े इलाकों में पेयजल का संकट रहेगा।
हालांकि जलकल विभाग की ओर से पेयजल संकट कम करने के लिए पुरानी राइजिंग मेन लाइन चालू रखी जाएगी। इससे सुबह के समय पेयजल की आपूर्ति की जा सकेगी। वहीं शाम के आपूर्ति के लिए टैंकरों का इंतजाम किया गया है।
इसके साथ ही जलकल विभाग की ओर से शहरवासियों से यह अपील भी की गई कि वह पानी का भंडारण कर लें और पानी का समझदारी से उपयोग करें, ताकि पानी की किल्लत से बचा जा सके।