लखनऊ में गुडंबा के कल्याणपुर निवासी दांताें के डॉ. अखिलेेश चतुर्वेदी का मंगलवार रात चार बदमाशों ने लोहिया संस्थान के पास से कार सहित अपहरण कर लिया। डॉक्टर खुर्रमनगर स्थित क्लीनिक बंद कर घर जा रहे थे। बदमाश उन्हें पुलिस मुख्यालय के पीछे बने ओमेक्स अपार्टमेंट ले गए और रातभर पिटाई की।
उधर, डॉक्टर घर नहीं पहुंचे तो परिजन ने संपर्क का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात साढ़े आठ बजे बदमाशों ने अखिलेेश के परिचित चिकित्सक को फोन कर अपहरण की बात कही और 30 लाख की फिरौती मांगी।
रकम अखिलेेश के परिचित चिकित्सक की विकासनगर क्लीनिक पर लाने को कहा। डॉक्टर का साथी बाइक से कुछ रकम लेकर क्लीनिक पहुंचा। कुछ देर बाद बदमाश डॉ. अखिलेेश को लेकर पहुंचे। रकम की बातचीत के दौरान ही डॉ. अखिलेेश और उनका साथी चकमा देकर भाग निकले।
बदमाशों ने कुछ दूर पीछा किया, लेकिन दोनों हाथ नहीं आए। विकासनगर थाने के पास खड़ी जीप में बैठे पुलिसकर्मियों को डॉक्टर ने घटनाक्रम बताया। पुलिस डॉक्टर के साथी की क्लीनिक पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश डॉ. अखिलेश की कार से भाग चुके थे।