इस समय ज्यादातर युवा वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। ऐसे में बैठने के दौरान होने वाली गलती भविष्य में हड्डी और जोड़ रोग से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकती हैं। इसलिए बैठने की कुर्सी दुरुस्त होनी चाहिए। बिस्तर पर बैठ कर अथवा लेट कर लैपटॉप पर काम करना खतरनाक है। यह कहना है आईएमए के वरिष्ठ सदस्य और हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप अग्रवाल का। वह अमर उजाला मेडिकल हेल्पलाइन में लोगों के सवालों का जवाब दे रहे थे। पेश हैं प्रमुख सवाल जो ज्यादातर लोगों ने पूछे।
सवाल- मैं दो माह से वर्क फ्रॉम होम कर रहा हूं। मेरी गर्दन और कमर में दर्द होने लगा है। - राकेश गोमती नगर, संजय अलीगंज
जवाब- इन दिनों ज्यादातर लोग वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। काम के दौरान बैठने के तरीके सही नहीं होने की वजह से इस तरह की समस्या हो सकती है। घर में कुर्सी और टेबल पर बैठकर काम करें। बिस्तर पर बैठ कर लैपटॉप न चलाएं। घंटों लगातार कंप्यूटर पर काम करने से नसों पर दबाव अधिक पड़ता है और उंगलियों में झनझनाहट की समस्या हो सकती है।
सवाल- मेरे घुटनों में दर्द होता है। कुछ दिन दवाई ली थी, लेकिन लॉकडाउन के दौरान बंद कर दिया। अब क्या करें? - भारत भूषण शुक्ला जानकीपुरम, सरजू प्रसाद काकोरी
जवाब- वृद्धावस्था में घुटनों और जोड़ों में दर्द बढ़ने की एक बड़ी वजह कैल्शियम की कमी हो सकती है। ऐसे में उकड़ू और पालथी मारकर बैठने से परहेज करें। सोयाबीन, दूध, पनीर, बींस और अंडे आदि का सेवन कर सकते हैं।