फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में इलाज के लिए अब डॉक्टरों व स्टाफ का संकट, दूसरे जिलों से बुलाए

विज्ञापन
विज्ञापन
हिमांशु अवस्थी, लखनऊ। राजधानी में अब कोविड मरीजों के इलाज में लगे डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ का भी संकट गहराने लगा है। कोविड वार्ड में ड्यूटी व अन्य वजह से डॉक्टर व स्टॉफ लगातार संक्रमित हो रहे हैं। इससे सरकारी व निजी संस्थानों में कोविड वार्ड में ड्यूटी के लिए स्टाफ नहीं मिल रहा है। ऐसी स्थिति में सरकारी संस्थानों में गैर जनपद से डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ बुलाए जा रहे हैं। वहीं निजी कोविड संस्थानों ने कोविड ड्यूटी के लिए डॉक्टरों की भर्ती भी शुरू कर दी है।
विज्ञापन

बलरामपुर को कोविड अस्पताल बने करीब 20 दिन हो चुके हैं। यहां 300 बेड पर मरीजों की भर्ती की जा रही है। कोविड डयूटी करने वाले डॉक्टर सहित उनके संपर्क में आए करीब 40 से अधिक डॉक्टर व 100 से अधिक का स्टाफ संक्रमित हो चुका है। ऐसे में डॉक्टरों की कमी हो गई। इस पर गैर जनपद से पांच डॉक्टर बुलाकर उनकी सेवाएं ली जा रही हैं। हालांकि, अभी और डॉक्टर व स्टाफ की मांग है। उधर, लोकबंधु कोविड अस्पताल में आठ डॉक्टर समेत 50 लोग संक्रमित हो चुके हैं। यहां कोविड मरीजों की जांच के लिए महज लैब टेक्नीशियन व रेडियोलॉजी विभाग में एक कर्मचारी ही बचा है। यहां भी आसपास के जिलों से चार डॉक्टरों की टीम बुलाकर किसी तरह कोविड मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
लोहिया संस्थान में 40 फीसदी स्टाफ संक्रमित
लोहिया संस्थान में कोविड ड्यूटी करने वाले वालों सहित दूसरे डॉक्टर व स्टाफ को मिलाकर 40 प्रतिशत से अधिक लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इसमें करीब 50 से अधिक फैकल्टी व रेजिडेंट भी शामिल हैं। यहां भी डॉक्टर व स्टाफ का संकट खड़ा होता जा रहा है।
विज्ञापन

केजीएमयू में 600 हो चुके संक्रमित, डीन सहित आठ की जा चुकी जान
केजीएमयू में कोरोना की दूसरी लहर में 600 से अधिक स्टाफ संक्रमित हो चुका है। छह कर्मचारी, एक फैकल्टी डॉक्टर व एक रेजिडेंट की जान भी जा चुकी है। केजीएमयू प्रशासन किसी तरह दूसरे विभाग से डॉक्टर व स्टाफ बुलाकर उनकी सेवाएं ले रहा है।
इंटीग्रल हॉस्पिटल में 50 से अधिक हो चुके पॉजिटिव
इंटीग्रल हॉस्पिटल में करीब 50 स्टाफ संक्रमित हो चुका है। इसमें एक डॉक्टर की दो दिन पहले मौत भी हो चुकी है, जबकि दो डॉक्टरों की हालत गंभीर है। इसके अलावा डीन, कुलपति समेत 50 से अधिक लोग पॉजिटिव हैं।
निजी मेडिकल कॉलेज कर रहा भर्ती
निजी मेडिकल कॉलेज कैरियर हॉस्पिटल में डॉक्टर व स्टाफ के बड़ी संख्या में संक्रमित होने से यहां कोविड मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए यहां रेजिडेंट की भर्ती निकाली गई। इसमें पहले बैच में 31 लोगों को भर्ती भी की गई, सेवाएं कोविड में ली जा रही हैं। इसी तरह आलमबाग के कारपोर्रेट हॉस्पिटल में कोविड वार्ड में स्टाफ के संकट से ड्यूटी के लिए विज्ञापन निकाला गया है।
आधा स्टाफ संक्रमित
लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल का आधा स्टाफ संक्रमित हो चुका है। ऐसे में डॉक्टर व स्टाफ की कमी बनी हुई है। कुछ डॉक्टर अभी मिले हैं, लेकिन और स्टाफ की मांग की गई है।
दूसरे जिले से आए हैं डॉक्टर
बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु ने बताया कि अस्पताल में बहुत से डॉक्टर व स्टाफ संक्रमित हैं। कोविड ड्यूटी के लिए दूसरे जिले से डॉक्टर आए हैं।
डॉक्टरों का बना हुआ संकट
लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश ने बताया कि संस्थान का करीब 40 प्रतिशत स्टाफ संक्रमित हो चुका है। इसमें डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ शामिल है। संकट तो बना हुआ है, लेकिन किसी तरह सेवाएं ली जा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें