राजधानी में जालसाजों ने जमीन दिलाने के नाम पर महिला समेत दो लोगों से 36 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ितों ने विभूतिखंड और गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
गोमतीनगर विस्तार लोनापुर निवासी आशीष यादव ने बताया कि जमीन खरीदने को लेकर परिचित संजय द्विवेदी ने उनकी मुलाकात मलेसेमऊ निवासी फारुख से कराई थी।
फारुख ने अपने घर के सामने खाली प्लॉट का सौदा 30 लाख में कराने की हामी भरी। इस पर आशीष ने पांच लाख रुपये पेशगी और किस्तों में 25 लाख रुपये फारुख को दिए थे।
काफी समय बाद भी जब रजिस्ट्री नहीं हुई तो आशीष ने रकम लौटाने को कहा। इस पर फारुख ने उन्हें चेक दिए जो बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव से शिकायत कर गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
वहीं, जानकीपुरम निवासी कंचन सिंह ने हाईटेक ग्रीन सिटी और इस कंपनी के दो एजेंटों शरद सक्सेना और शिवम सक्सेना पर छह लाख की ठगी का आरोप लगाते हुए विभूतिखंड थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है।
कंचन ने बताया कि दोनों आरोपियों ने उनसे संपर्क किया था और मोहनलालगंज में कंपनी की टाउनशिप विकसित होने का दावा कर कम कीमत में अच्छा प्लॉट दिलाने की बात कही थी।
साइट देखने के बाद उन्होंने 2400 वर्ग फीट का एक प्लॉट ढाई लाख में बुक कराया था। इसके बाद आरोपियों ने छह लाख में दो प्लॉट दिलाने की बात कही।
आरोपियों ने कंचन से रुपये लेने के बाद उन्हें रसीद पकड़ा दी। इस बीच कंचन को हाईटेक ग्रुप के रुपये लेकर प्लॉट नहीं देने की जानकारी मिली।
वह पति संग विभूतिखंड स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंची, जहां उन्हें एक प्लॉट के लिए जमा ढाई लाख रुपये वापस मिल गए। जबकि बचे दो प्लॉट की रकम फंस गई। कंपनी निदेशक ने बताया कि शिवम और शरद ने उन्हें जाली रसीद दी है।