लखनऊ। बरसात के माैसम में सर्पदंश के मामले बढ़ जाते हैं। सांप काटने के बाद घबराहट से कई पीड़ितों की जिंदगी खतरे में पड़ जाती है। ऐसे में सांप काटने पर घबराना नहीं चाहिए और काटे गए अंग को स्थिर रखना चाहिए। एरा विश्वविद्यालय में विश्व आपातकालीन चिकित्सा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई।
सोसाइटी ऑफ एक्यूट केयर ट्रॉमा एंड इमरजेंसी मेडिसिन (सेक्टम) के सहयोग से यह आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय में आयोजन के अध्यक्ष और क्रिटिकल केयर मेडिसिन के प्रमुख डॉ. मुस्तहसिन मलिक ने बताया कि सांप काटने के बाद काटे हुए स्थान को बांधने और चूसकर जहर निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। माैके पर डॉ. मधुलिका, डॉ. (ब्रिगेडियर) सुजीत बसु, डॉ. रिजवान खान, डॉ. अनम सिद्दीकी और डॉ. सबूर माैजूद रहे।