लखनऊ में शीतलहर के देखते हुए डीएम सत्येंद्र सिंह ने आठवीं तक के स्कूल 4 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। ठंड को देखते हुए 31 दिसंबर से सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय और सीबीएसई और आईसीएसई स्कूल बंद रहेंगे।
गौरतलब है कि इस वर्ष का अंतिम बृहस्पतिवार सबसे ठंडा दिन रहा। हांड़कंपा देने वाली ठंडक के चलते दिनभर लोग ठिठुरते नजर आए। नैनीताल, श्रीनगर जैसे पहाड़ी इलाकों में दिन की ठंड को टक्कर देते मौसम के चलते साल 2016 में दिसंबर महीने का सबसे ठंडा दिन भी बृहस्पतिवार बना।
अधिकतम पारा 48 घंटों में 23 डिग्री से लुढ़कर 16 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। ये सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। कामचलाऊ धूप में दोपहर दो बजे के बाद कुछ तेजी दिखी, लेकिन लोगों को गलन से राहत न मिली।
न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 10.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बर्फीले झोंको के चलते सिर से पैर तक गर्म कपड़ों से ढके लोग शाम से पहले घरों में दुबकने पर मजबूर हुए।