लखनऊ-अयोध्या हाइवे पर डायवर्जन लागू।
- फोटो : amar ujala
अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते बाराबंकी में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर लगातार 15वें दिन भी डायवर्जन लागू रहने से हजारों यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार सुबह से ही शहर के चोपड़ा चौराहे पर डायवर्जन के कारण वाहनों को रामनगर, बहराइच और गोंडा हाईवे की ओर मोड़ दिया गया, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन बैरियर लगाकर वाहनों को बहराइच हाईवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेज रहा है, जिससे यात्रियों को दोगुनी दूरी तय करनी पड़ रही है।
मौनी अमावस्या और महाकुंभ स्नान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 29 जनवरी से हाईवे पर डायवर्जन लागू करने की घोषणा की थी। हालांकि, 26 जनवरी से ही श्रद्धालुओं की भीड़ अयोध्या पहुंचने लगी, जिससे यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस को कई प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग करनी पड़ी।
पहली फरवरी को स्थिति कुछ सामान्य होने पर यातायात में अस्थायी रूप से राहत दी गई, लेकिन दो फरवरी से फिर से डायवर्जन लागू करना पड़ा, जो अब तक जारी है। अयोध्या में भीड़ बढ़ने के कारण बाराबंकी पुलिस चौपुला तिराहा, सफदरगंज और रामसनेहीघाट पर यातायात मोड़ रही है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।