लखनऊ। एपल के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड के दोषी बर्खास्त सिपाही प्रशांत चौधरी को सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में सजा सुनाई जाएगी। कोर्ट ने बृहस्पतिवार को प्रशांत को गैर इरादतन हत्या का दोषी करार दिया था। इसी मामले में प्रशांत के साथी संदीप को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया था।
बता दें कि यह घटना 29 सितंबर 2018 की देर रात हुई थी। विवेक तिवारी अपनी सहकर्मी सना को एसयूवी से उनके घर छोड़ने जा रहे थे। गोमतीनगर इलाके में सिपाही प्रशांत और संदीप ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। विवेक के नहीं रुकने पर प्रशांत ने उन्हें गोली मार दी थी। गोमतीनगर थाने में प्रशांत और संदीप के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज हुई थी।
इस मामले की सुनवाई कोर्ट में शुरू हुई थी। बचाव पक्ष ने फोरेंसिक विशेषज्ञों सहित आठ सफाई साक्ष्य प्रस्तुत किए थे। करीब आठ वर्ष चले ट्रायल के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने प्रशांत को हत्या की जगह गैर इरादतन हत्या का दोषी ठहराया।