लखनऊ। जिला जेल पर जेलर अजय राय की तैनाती में हुए खेल ने विभाग में अनुशासन व अव्यवस्था की कलई खोलकर रख दी है। दरअसल मॉडल जेल से जिला जेल पहुंचने के अभिलेख तलाशे ही जा रहे थे, कि इसी बीच उनके जेलर के पद पर हुए प्रमोशन पर ही प्रश्न चिन्ह लग गया है। तत्कालीन प्रभारी अधीक्षक की माने तो अजय राय ने प्रोन्नत होने के बाद मॉडल जेल पर आकर जेलर पद पर आमद कराई ही नहीं। ऐसे में सवाल ये उठता है कि फिर उन्होंने जेलर के पद कैसे और कब ज्वॉइन किए ? ऐसे कई सवालों से अफसर भी किनारा कर रहे हैं या यूं कहे कि इनके जवाब भी उनके पास नहीं है। जिला जेल में अजय राय की नियम विरुद्ध तैनाती के मामले को अमर उजाला प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। खबर का संज्ञान लेते हुए डीआईजी जेल ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
आदर्श कारागार से अजय राय की जिला जेल पर तैनाती का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि उनके प्रमोशन के बाद जेलर पद पर ज्वॉइनिंग ही सवालों के कटघरे में खड़ी हो गई है। मसलन उन्हें जेलर पद पर कब और किसने ज्वॉइन कराया ये बताने वाला भी कोई नहीं है। अधिकारी भी इन सवालों पर चुप्पी साधे हैं। फर्जी तरीके व जेल नियमों के विरूद्व जिला जेल पर जेलर की तैनाती मामले में अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया कि अजय राय ने जेलर पद पर ज्वॉइन ही नही किया। आदर्श कारागार के तत्कालीन प्रभारी अधीक्षक मुकेश कटियार का भी दावा है कि 5 नवम्बर नहीं बल्कि 31 दिसम्बर तक अजय राय ने वहां आकर जेलर के पद पर ज्वॉइन नही किया।
अजय राय अचानक पहुंचे आदर्श कारागार
उधर, बिना किसी आदेश के जिला जेल पर तैनाती के मामले में डीआईजी द्वारा मामले की रिपोर्ट तलब करने पर जेलर अजय राय मंगलवार दोपहर अचानक आदर्श कारागार पहुंचे और मण्डल अधिष्ठान कार्यालय में काफी देर तक रहे। जेल सूत्रों की माने तो नियम विरुद्ध तैनाती में फंसे जेलर मॉडल जेल के डिस्पैच रजिस्टर को लेकर घंटों पलटते रहे। हालांकि मुख्यालय पर तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगर मामले की जांच हुई तो जेलर का फंसना तय है, क्योंकि जेलर अजय राय ने जिस तरीके से जिला जेल पर जाकर ज्वॉइन किया है, ऐसी कोई व्यवस्था जेल मैनुअल में नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना किसी आदेश के अनुपालन के किसी अधिकारी को कार्यमुक्त नहीं किया जा सकता है। उनके मुताबिक, अगर ऐसा न हो तो कोई कहीं भी जाकर ज्वॉइन कर लेगा।
रिपोर्ट मिलने पर होगी कार्रवाई
जेलर अजय राय की जिला जेल पर तैनाती का मामला संज्ञान में आया है। जेलर ने किसके आदेश पर ज्वॉइन किया और मॉडल जेल से किसने उन्हें कार्यमुक्त किया था, इसके सम्बंध मे जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शैलेंद्र मैत्रेय
डीआईजी जेल, लखनऊ रेंज