मुख्यमंत्री की अति महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल ‘राज्य स्तरीय पुलिस इमरजेंसी प्रबंधन प्रणाली’ (पीईएलएस) के तहत सूबे के 10 जिलों में ‘डायल-100’ परियोजना 20 अक्तूबर से शुरू हो जाएगी।
जबकि, एक महीने के भीतर ही प्रदेश के सभी जिलों में इसको लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा, परियोजना से संबंधित पुलिस कर्मियों को 26 सितंबर से इसका प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
एनेक्सी स्थित कमांड सेंटर में बृहस्पतिवार को प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पंडा और डीजीपी जावीद अहमद समेत पुलिस विभाग के अन्य बड़े अफसरों ने परियोजना तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान पहले चरण में लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, झांसी, कानपुर, मुरादाबाद, बरेली व मेरठ में ‘डायल-100’ परियोजना की शुरुआत का निर्णय किया गया।
इन मुद्दों पर की गई चर्चा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अफसरों ने प्रशिक्षण के लिए बनाए गए डिजिटल जीआईएस मैप, पेट्रोलिंग व्यवस्था, वाहन चालकों के लिए प्रशिक्षण आदि बिंदुओं पर भी चर्चा की।
परियोजना के तहत पेट्रोलिंग में लगे पुलिस कर्मियों के साथ ही अग्निशमन सेवा और रेडियो प्रणाली से संबंधित कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके लिए हर जिले में एक अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अफसर को नोडल अधिकारी नामित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में सलाहकार वेंकट चंगावल्ली, प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, सचिव गृह कमल सक्सेना, एडीजी ट्रैफिक अनिल अग्रवाल, एडीजी कानून-व्यवस्था दलजीत चौधरी, आईजी स्थापना वितुल कुमार, आईजी जीआरपी भगवान स्वरूप समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।