लखनऊ। बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान में विज्ञान को रोचक व सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचाने की शुक्रवार को नई पहल की गई। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2026 की पूर्व संध्या पर साप्ताहिक कार्यक्रम ''कहानी धरती की'' का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम तीन मार्च से हर मंगलवार को दोपहर तीन से चार बजे तक रेडियो केजीएमयू गूंज 89.6 मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित होगा। इसे मोबाइल एप और वेबसाइट के माध्यम से भी सुना जा सकेगा। बीएसआईपी के निदेशक प्रो. महेश जी ठक्कर ने बताया कि कार्यक्रम में पृथ्वी के इतिहास, डायनासोर युग, हिमयुग, जलवायु परिवर्तन और मानव विकास जैसे विषयों को रोचक अंदाज में पेश किया जाएगा। कार्यक्रम का पोस्टर और प्रोमो रेडियो केजीएमयू गूंज के कार्यकारी प्रमुख प्रो. केके सिंह की मौजूदगी में जारी किया गया।