लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में दृष्टिबाधितार्थ विभाग ने 1620 दिव्यांग विद्यार्थियों के कॅरिअर की राह आसान बनाने के लिए अहम कदम उठाया है। इन विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर परामर्श क्लास शुरू की गई है। इसमें कंप्यूटर सीखने से लेकर रेडियो जॉकी बनने तक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विभाग के समन्वयक डॉ. विजय शंकर शर्मा ने बताया कि इस कक्षाओं के लिए विभिन्न संस्थाओं का भी सहारा लिया जाएगा। शुक्रवार को संस्था स्कोर फाउंडेशन के सहयोग से विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी परामर्श दिए गए। बताया गया कि दिव्यांगों को निजी व सार्वजनिक क्षेत्र में कैसे रोजगार मिल सकता है? विद्यार्थियों की ओर से पूछे गए सवालों का समाधान भी किया गया।
स्कोर फाउंडेशन की प्रतिनिधि उरूज फातिमा व जितेंद्र गुप्ता ने उपलब्ध रोजगार के अवसरों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में बताया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. आशुतोष पांडेय ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास, आत्मविश्वास वृद्धि व सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कंप्यूटर और आईटी के क्षेत्र में बना सकेंगे भविष्य
कॅरिअर परामर्श क्लास की मदद से दृष्टिबाधित विद्यार्थी कंप्यूटर और आईटी के क्षेत्र में भविष्य बना सकेंगे। सॉफ्टवेयर डेवलपर, डाटा एनालिस्ट या वेब डेवलपर के अलावा शिक्षक, प्रोफेसर या शिक्षा विशेषज्ञ बनने के तरीके बताए जाएंगे। इसके साथ ही ग्राफिक डिजाइनर, आर्टिस्ट या फोटोग्राफर, म्यूजिशियन, गायक, या ऑडियो इंजीनियर बनने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी रेडियो जॉकी बनने के साथ कॉल सेंटर में कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव टेलीकॉलर का भी काम कर सकते हैं। ऑनलाइन शिक्षा, सामाजिक कार्य, राजनीति और लिपिक विषय के बारे में जानकारी दी जाएगी।
कोट.....
विश्वविद्यालय ने दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ-साथ रोजगार दिलाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। विद्यार्थियों को परामर्श व प्रशिक्षण दोनों दिया जाएगा।
- प्रो. यशवंत वीरोदय प्रवक्ता लविवि