डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने गुरुवार को बरेली और वाराणसी जोन में हाल के दिनों में हुई अपराध की घटनाओं की समीक्षा की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए डीजीपी ने दोनों जोन के सभी पुलिस अफसरों को प्रोफेशनल पुलिसिंग पर जोर देने को कहा।
उन्होंने कहा कि घटनाएं जो हुई हैं उनका न सिर्फ सही खुलासा हो बल्कि अपराधियों को सजा दिलाने केलिए पुलिस न्यायालय में भी भरपूर पैरवी करे। डीजीपी ने उन जिलों की क्लास भी लगाई, जहां हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है।
एक अफसर ने जब तथ्य से हटकर बात करने की कोशिश की तो डीजीपी ने कहा कि ‘मुझे कहानी मत सुनाइए, जो तथ्य हैं उस पर बात कीजिए।’ डीजीपी ने सख्त लहजे में कहा कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायतें मिलीं और सही पाई गईं तो निश्चित कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि बीट पुलिसिंग के बारे में भी जानकारी हासिल की और बीट पुलिसिंग में जो कमियां सामने आ रही हैं, उनके बारे में भी जानकारी ली। डीजीपी ने शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चला कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।