अयोध्या में मंदिर परिसर की सुरक्षा के लेकर नए सिरे से प्लान बनाया जा रहा है। इसके लिए अयोध्या के डीआईजी को पत्र भेज कर डीजीपी मुख्यालय ने 10 दिनों के अंदर सुरक्षा व्यवस्था का प्लान मांगा है। मंदिर का निर्माण कार्य शुरु होने के बाद निर्माण सामग्रियों का आवागमन शुरू हो गया है। ऐसे में सुरक्षा की चुनौती भी बढ़ गई है। इसे देखते हुए सुरक्षा का नया खाका तैयार किया जा रहा है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। सूत्रों का कहना है कि डीआईजी की रिपोर्ट आने के बाद डीजीपी खुद इसकी समीक्षा करेंगे और संभव है कि वह प्रस्तावित प्लान को अयोध्या जाकर खुद परखें और फिर अंतिम रूप दें।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि अब मंदिर का निर्माण काम शुरू हो रहा है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव होना स्वाभाविक है। ऐसे में सुरक्षा प्रबंध के लिए नए सिरे से प्लान मांगा गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक मंदिर परिसर में बने रेड जोन में केंद्रीय अर्ध सैनिक बल की टुकड़ी सुरक्षा प्रबंध में लगी रहती है। इसका दायरा बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।