फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: मौनी अमावस्या पर टैक्सी से महाकुंभ पहुंचेंगे श्रद्धालु, 1492 बुकिंग हुईं

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। मौनी अमावस्या पर महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक रहेगी। ट्रेनें फुल हैं। विमानों का किराया आसमान पहुंच गया है। ऐसे में यात्री प्राइवेट टैक्सी बुक कर प्रयागराज पहुंचेंगे। लखनऊ से प्रयागराज जाने के लिए 1492 टैक्सियां बुक हो चुकी हैं, जिससे किराया 12826 रुपये तक पहुंच गया है।
विज्ञापन

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। खासतौर पर अमृत स्नान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। मौनी अमावस्या 28 जनवरी के अमृत स्नान पर भी श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा, लेकिन लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। विमानों का किराया आसमान पहुंच गया है। लिहाजा यात्रियों को प्राइवेट टैक्सी बुक कर प्रयागराज पहुंचना होगा। श्रद्धालु ऑनलाइन व लखनऊ में मौजूद ट्रैवेल एजेंटों से टैक्सी बुक कर रहे हैं। एयरवॉक ट्रैवेल एजेंसी के मालिक आतिफ बताते हैं कि लखनऊ से प्रयागराज के लिए अभी तक 1492 से अधिक बुकिंग हो चुकी है। संख्या और बढ़ रही है, जबकि आम दिनों में प्रयागराज के लिए बुकिंग सौ से सवा सौ के आसपास ही रहती है। स्नान से पहले बुकिंग का आंकड़ा 18 सौ तक पहुंचने का अनुमान है।
इतना है टैक्सी का किराया
कार किराया
इंडिका व वैगनआर 3240 रुपये
इनोवा 7016 रुपये
सुजुकी अर्टिगा 12826 रुपये
स्विफ्ट डिजायर 11120 रुपये
(लखनऊ से प्रयागराज की दूरी करीब 190 किमी है। किराए के अतिरिक्त यात्रियों को टोल आदि के 263 रुपये देने होंगे।)
ट्रेनें फुल, जनरल में सफर की मजबूरी
मौनी अमावस्या पर लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली वीआईपी से लेकर साधारण ट्रेनें तक फुल हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए जनरल में सफर की मजबूरी पैदा हो गई है। 28 जनवरी को वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार में 198, एग्जीक्यूटिव में 59, बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस की स्लीपर में रिग्रेट, थर्ड एसी में 66, नौचंदी में रिग्रेट, लखनऊ प्रयाग इंटरसिटी की चेयरकार में 84, गंगा गोमती एक्सप्रेस की चेयरकार में 93 वेटिंग चल रही है। त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त है।
विज्ञापन


28377 रुपये तक विमान का किराया
प्रयागराज जाने के लिए विमान का सहारा लेने वाले यात्रियों को मौनी अमावस्या पर खासी जेबें ढीली करनी पड़ेंगी। इंडिगो की अमौसी से इलाहाबाद जाने वाली फ्लाइट 6ई-7935 दोपहर 2.25 बजे उड़ान भरती है और 50 मिनट में पहुंचती है। इसका किराया 10742 रुपये है, मगर इसमें सीटें मुश्किल से मिल रही हैं। वहीं, एयर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट एआई-412 का किराया 28377 रुपये पहुंच गया है। ट्रैवेल एजेंटों के अनुसार इसमें सीटें बुक भी हो रही हैं। यह उड़ान सुबह 8.55 बजे उड़ान भरकर दोपहर 3.25 बजे इलाहाबाद पहुंचती है।
हर आधे घंटे पर है बस, देगी राहत
रोडवेज प्रशासन की ओर से महाकुंभ के लिए हर आधे घंटे पर बस की सुविधा उपलब्ध है। आरएम आरके त्रिपाठी ने बताया कि 60 बसें चलाई जा रही हैं। 125 बसें रिजर्व हैं। लखनऊ के चारों बस अड्डों आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग व अवध बस अड्डे से बसें मिल रही हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें