रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा (कतकी) पर स्नान के लिए गंगा तट पहुंचने के लिए श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राॅली के अलावा पिकअप लोडर व दूूसरे माल वाहक वाहनों का सहारा नहीं ले सकेंगे। ऐसे वाहन चालक श्रद्धालुओं को ले जाते मिले तो उन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह पाबंदी पुलिस प्रशासन ने लगाई है।
इसके साथ जिले के सभी मार्गों पर बनाए गए बैरियरों पर चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने का आदेश दिया है। बताया कि यह पाबंदी सड़क हादसों को रोकने के लिए लगाई गई है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हर साल डलमऊ के गंगा तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। इन घाटों पर पांच लाख से श्रद्धालु स्नान करते हैं। इसके अलावा रालपुर, गोकना व अन्य घाटों पर भी करीब तीन लाख की भीड़ जुटती है। ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से लोगों के स्नान करने के लिए पहुंचने से जाम की समस्या के साथ ही सड़क हादसों का खतरा रहता है।
इसके चलते पुलिस चेकिंग की व्यवस्था की गई है। ऐसे में मालवाहक वाहन श्रद्धालुओं को ले जाते पकड़ा गया तो उस पर जुर्माना करने के आदेश दिए गए हैं। इस बार कार्तिक पूर्णिमा 15 नवंबर को है। 14 नवंबर से ही डलमऊ, ऊंचाहार, सरेनी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
कल से इन रूटों पर नहीं चलेंगे भारी वाहन
कार्तिक पूर्णिमा के चलते 14 नवंबर से कई रूटों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। यातायात प्रभारी अजय सिंह तोमर के मुताबिक मुंशीगंज से डलमऊ की तरफ जाने वाले समस्त भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जगतपुर से डलमऊ की तरफ जाने वाले, ऊंचाहार से डलमऊ की तरफ जाने वाले, लालगंज से डलमऊ की तरफ जाने वाले, फतेहपुर से मकनपुर रोड डलमऊ की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहन गंगा नदी पुल पार प्रधान ढाबा तक ही जा सकेंगे।
इसी तरह फतेहपुर से गेगासो रायबरेली की तरफ आने वाले और मुंशीगंज, जगतपुर, ऊंचाहार की तरफ से आने वाले समस्त भारी वाहन सई नदी फ्लाईओवर से पुलिस लाइंस चौराहा होते हुए लालगंज को जाएंगे। बताया कि 14 नवंबर को सुबह आठ बजे से 16 नवंबर 2024 को रात 12 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पड़ने वाले ड्यूटी प्वाइंटों पर डायवर्जन ड्यूटी लगाने की बात कही है, ताकि कार्तिक पूर्णिमा मेला सकुशल कराया जा सके।
कार्तिक पूर्णिमा पर सडक़ हादसों को रोकने के लिए टै्रक्टर-ट्र्राली समेत अन्य मालवाहक वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र के श्रद्धालुओं को जागरूक करें कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान जाने के दौरान टै्रक्टर-ट्राली व अन्य माल वाहक वाहनों का प्रयोग न करे। हम सबकी प्राथमिकता है कि कार्तिक पूर्णिमा सकुशल निपटे और सडक़ हादसा न हो।
संजीव कुमार सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक