बसपा सरकार में दलितों के लिए शुरू की गई कांशीराम आवास योजना की तर्ज पर अब योगी सरकार भी शहरी गरीबों के लिए आवास योजना शुरू करने की तैयारी में है। आवास विभाग पं. दीनदयाल उपाध्याय गरीब आवास योजना के नाम से शुरू होने वाली इस योजना का प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी दिलाकर योजना की घोषणा की जा सकती है। इस योजना में शहरी गरीबों को अवस्थापना सुविधाओं से युक्त एक बेडरूम का मकान मुफ्त मुहैया कराया जाएगा।
दरअसल, पिछले दिनों आवास विभाग का प्रजेंटेशन देखने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरी क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को मुफ्त मकान मुहैया कराने के लिए एक आवासीय योजना शुरू करने की जरूरत बताई थी।
इसी आधार पर आवास विभाग ने इस योजना का प्रारूप तैयार किया है। 25 अप्रैल को अपर मुख्य सचिव आवास की बैठक में इस योजना पर चर्चा भी हो चुकी है। अपर मुख्य सचिव सदाकांत ने अधिकारियों को कुछ और सुझाव दिए हैं, जिसे योजना में शामिल करते हुए अब फाइनल प्रस्ताव तैयार करने का काम शुरू हो गया है।
शुरुआती प्रस्ताव के मुताबिक इस योजना को बड़े शहरों से लेकर छोटे शहरों में शुरू किया जाएगा। योजना के तहत लाभार्थियों को एक बेडरूम, एक ड्राइंग रूम, किचन व एक शौचालय युक्त मकान बनाकर दिया जाएगा।