कानपुर के नौबस्ता में डॉक्टर के बेटे ने डिप्रेशन में पुलिस के सामने कलाई और गर्दन पर सर्जिकल ब्लेड मारकर खुद को लहूलुहान कर लिया। गर्दन से खून के फव्वारा छूटता देख पुलिस के भी होश उड़ हो गए। आनन फानन में उसे पहले नजदीक के अस्पताल फिर रीजेंसी में भर्ती कराया गया।
यशोदानगर के ब्लाक निवासी डॉ. आरसी गुप्ता के बेटे शरद उर्फ नीटू (45) ने मंगलवार सुबह खुद को कमरे में बंद कर लिया। इस पर पत्नी स्मिता ने फोन कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया तो शरद कमरे से सटी मेडिकल स्टोर की दुकान पर पहुंच गया। जैसे ही पुलिस कमरे से होते हुए दुकान तक पहुंची तो शरद ने सिपाहियों के सामने ही सर्जिकल ब्लेड हाथ की कलाई और फिर अपनी गर्दन पर चला दिया।
नौबस्ता एसओ का कहना है कि शरद बीते दो साल से डिप्रेशन में है। सोमवार की रात भी शरद ने सुसाइड का प्रयास किया था। उसने कमरे में बिजली के नंगे तार बिछाकर गैस सिलेंडर की रबर भी हटा रखी थी। घरवालों की सूझबूझ से हादसा टल गया था।