लखनऊ में डेंगू की रिपोर्ट देने में भी बड़े पैमाने पर खेल चल रहा है। कई पैथोलॉजी बिना जांच किए ही मरीजों को रिपोर्ट थमा रही है। मंगलवार को इसका खुलासा हुआ। सीएमओ की टीम ने निरीक्षण के बाद केशवनगर की पैथोलॉजी का पंजीयन निरस्त कर दिया है। सीएमओ ने कहा कि पैथोलॉजी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी।
स्टेट पैथोलॉजिस्ट डॉ. राजेश, एसीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी ने मंगलवार को केशवनगर स्थित दिव्यांश पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। यहां डेंगू के मरीजों की जांच रिपोर्ट दी जा रही थी। इसमें जांच करने की विधि एलाइजा लिखी गई थी। टीम ने अंदर जाकर देखा तो एलाइजा टेस्ट की व्यवस्था नहीं मिली।
यह टेस्ट कहां और कैसे कराया जा रहा है, इस संबंध में भी पैथोलॉजी संचालक कोई दस्तावेज नहीं दे सके। टीम की रिपोर्ट पर सीएमओ ने पैथोलॉजी का पंजीकरण निरस्त कर दिया। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि राजधानी में कई पैथोलॉजी के खिलाफ शिकायतें मिली हैं।
उनकी जांच कराई जा रही है। मनमानी तरीके से मरीजों की रिपोर्ट देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जांच रिपोर्ट के बाद दिव्यांश पैथोलॉजी के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।