लखनऊ में डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बीते तीन दिनों में अलग-अलग इलाकों से डेंगू के 52 मरीज मिले हैं। इसमें से कई सरकारी व निजी अस्पताल में भर्ती हैं। जिन इलाकों से डेंगू मरीज मिले हैं वहां एंटीलार्वा के छिड़काव संग फॉगिंग भी कराई जा रही है।
सीएमओ प्रवक्ता योगेश ने बताया कि बीती 24 अक्तूबर को डेंगू के 17 मरीज मिले थे। इसमें सिल्वर जुबली इलाके में 2, चंदननगर में 5, अलीगंज में 4, इंदिरानगर में 3 व चिनहट में 2, एनके रोड पर एक मरीज मिला। 25 अक्तूबर को डेंगू मरीजों का आंकड़ा कुछ कम हुआ। 14 डेंगू रोगी पाए गए। चंदननगर में 4, सिल्वर जुबली में 2, इंदिरानगर में 3, चिनहट में 2, टूडियागंज में 2, अलीगंज में 1 में केस मिला। बुधवार को डेंगू मरीजों का आंकड़ा फिर बढ़ गया।
अलग-अलग इलाकों में 21 डेंगू मरीज मिले, जिसमें चंदननगर में 3, सिल्वर जुबली में 2, इंदिरानगर में 3, चिनहट में 3, टूडियागंज में 2, अलीगंज में 2, सरोजनीनगर में 3, मोहनलालगंज में 2, एनके रोड में 1 केस पाए गए। टीम के जरिये 415 घरों एवं आसपास मच्छरजनित स्थितियों का सर्वेक्षण किया गया। तीन घरों में मच्छरजनित स्थितियां पाए जाने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया।
सुल्तानपुर में 24 घंटे में 348 की जांच, 55 डेंगू पॉजिटिव
सुल्तानपुर जिले में एक माह के दौरान डेंगू की चपेट में आकर नौ लोगों की मौत तक हो चुकी है। लगातार बिगड़ रही स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य व मलेरिया विभाग के अधिकारी इसकी रोकथाम की कवायद में जुटे हैं। इसके चलते ही बुधवार को शहर के लाला का पुरवा और करौंदिया मोहल्ले में कैंप लगाकर हुई 180 बुखार पीड़ितों की जांच में 17 में डेंगू की पुष्टि हुई।