युवा स्नातक बेरोजगार वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बेरोजगारों के लिए सरकारी विभागों के फार्म भरने की व्यवस्था निशुल्क करने की मांग की है।
रविवार को शक्तिनगर में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकारी विभागों में निकलने वाले फार्मों को सरकार निशुल्क करे, जिससे अधिक संख्या में बेरोजगार फार्म भर सकें।
कहा कि सरकार फार्म के साथ जो बैंक ड्राफ्ट मांगती है, वह बेरोजगारों के लिए एक बड़ी समस्या है। कई बेरोजगार ऐसे हैं, जो किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते हैं और रोजगार की तलाश में इधर उधर भटकते हैं।
इस फीस के चलते वह सरकारी विभागों के फार्म भरने से वंचित रह जाते हैं और बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जाती है।