लखनऊ। बीएलओ से फॉर्म लेकर जाने के बाद उसे जमा करने में मतदाताओं की ओर से की जा रही देरी से बीएलओ खासे परेशान हैं। आलम यह है कि इसके लिए बीएलओ व सुपरवाइजर क्षेत्र में पहुंचकर अनाउंसमेंट भी करा रहे हैं। विकास भवन स्थित चिनहट विकास खंड कार्यालय सभागार में एसआईआर को लेकर बुधवार को पूरे दिन बीएलओ व सुपरवाइजर जुटे रहे।
इस सभागार में विधानसभा क्षेत्र 173 लखनऊ (पूर्वी) से जुड़े मतदाताओं के एसआईआर का कार्य चल रहा है। इसके लिए 417 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। सुपरवाइजर दिनेश कुमार व कुछ अन्य सुपरवाइजरों ने बताया कि बीएलओ से फॉर्म लेकर जाने वाले कई मतदाता उसे जमा करने अभी तक नहीं आए हैं। प्रशासन की ओर से वितरित किए गए फॉर्म एकत्र कर उसे फीड करने को कहा जा रहा है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसीएम-चतुर्थ डॉ. सचिन कुमार ने कार्य का जायजा भी लिया।