लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार ऑर्किड मॉल स्थित दफ्तर में शनिवार शाम पांच बजे रियल एस्टेट कारोबारी अभिषेक दत्त (40) ने खुद को रिवॉल्वर से गोली मार ली। गोली उनके सिर के आरपार निकल गई। उन्हें गंभीर हालत में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, कारोबार में घाटा और बकायेदारों के दबाव में कारोबारी ने आत्महत्या की कोशिश की है।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी के मुताबिक मूल रूप से मध्य प्रदेश निवासी अभिषेक दत्त गोमतीनगर विस्तार स्थित ग्रीनवुड अपार्टमेंट में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। पास में ही ऑर्किड मॉल के तीसरे तल पर कैपस्कन नाम से दफ्तर है। वर्ष 2013 में उन्होंने बाराबंकी में जमीन की खरीद-फरोख्त व प्लॉटिंग का काम शुरू किया था। कोविड काल में कारोबार ठप हो गया और सात-आठ करोड़ रुपये का कर्ज हो गया। इस बीच जमीन लेने वाले जमीन या दिए गए रुपये वापस मांगने लगे। दबाव बढ़ने वह तनाव में रहने लगे।
बकायेदारों को मिलने के लिए बुलाया था
इंस्पेक्टर ने बताया कि शनिवार को अभिषेक ने बकायेदारों को मिलने के लिए बुलाया था। उनके आने से पहले ही उन्होंने केबिन में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली उनकी दाहिनी कनपटी पर लगी और बाईं तरफ से निकल गई। गोली चलने की आवाज सुन दफ्तर में मौजूद कर्मचारी मदद के लिए पहुंचे। खबर पाकर पास में रह रहे उनके साले भी पहुंच गए।
रिवॉल्वर लाइसेंसी है या नहीं, जांच कर रही पुलिस
इंस्पेक्टर ने बताया कि आत्महत्या के लिए प्रयोग की गई रिवॉल्वर कब्जे में ली गई है। वह लाइसेंसी है या नहीं, इसका पता नहीं चल सका है। इस संबंध में जांच की जा रही है। परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है।