फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: सिंधी धर्मगुरु संत सांई चाण्डूराम साहिब का निधन, उमड़े हजारों अनुयायी

विज्ञापन
सिंधी धर्मगुरु संत चांडूराम । फाइल फोटो
विज्ञापन
लखनऊ। आलमबाग में वीआईपी रोड स्थित शिव शांति संत आसूदाराम आश्रम के पीठाधीश्वर और सिंधी समाज के धर्मगुरु संत सांई चाण्डूराम साहिब का बुधवार दोपहर एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार दोपहर 12:28 बजे उन्हाेंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही सिंधी समाज में शोक की लहर दौड़ गई। थोड़ी देर में ही अस्पताल से लेकर संत आसूदाराम आश्रम तक हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।
विज्ञापन


पाकिस्तान स्थित सिंध प्रांत के सक्खर जिले में 9 सितंबर 1947 को संत सांई चाण्डूराम साहिब का जन्म हुआ था। उनके पिता संत आसूदाराम साहिब थे। सिंध के शिरोमणि संत सांई सतरामदास साहिब, अमर शहीद भगत कंवरराम साहिब और संत बाबा आसूदाराम साहिब के पदचिन्हों का अनुसरण करने वाले संत सांई चाण्डूराम साहिब ने मात्र 13 वर्ष की आयु में ही गुरु गद्दी संभाल ली थी। वे सन 1976 में पाकिस्तान से भारत आ गए थे। अपने भक्तों के विशेष अनुरोध पर वे लखनऊ आ गए। 6 जून 1977 को शिव शांति आश्रम का शिलान्यास किया। इसका संचालन संत सांई चाण्डूराम ही कर रहे थे। वे ही आश्रम के पीठाधीश्वर थे। सिंधी समाज के गुरु के रूप में उनकी न सिर्फ लखनऊ में मान्यता थी बल्कि पूरे प्रदेश और देश के अलावा विदेशों में भी उनके अनुयायियों की संख्या लाखों में है।

सिंधु सभा के अध्यक्ष अशोक मोतियानी ने बताया कि राजधानी के मेदांता हास्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही सिंधी समाज के अलावा सभी वर्गों के हजारों लोग संत आसूदाराम आश्रम पहुंच गए।
विज्ञापन


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख, आज होगा अंतिम संस्कार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिंधी धर्मगुरु संत सांई चाण्डूराम साहिब के देहांत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि सांई चाण्डूराम का संपूर्ण जीवन समाज के दीनहीन व असहाय जनाें की सेवा में समर्पित था। उनके निधन से समाज को अपूर्णनीय क्षति पहुंची है। राजनाथ सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सिंधु सभा के अध्यक्ष अशोक मोतियानी ने बताया कि संत सांई चाण्डूराम साहिब का अंतिम संस्कार 16 अक्तूबर दिन बृहस्पतिवार को आलमबाग स्थित बैकुंठ धाम में किया जाएगा। अंतिम यात्रा आलमबाग स्थित संत कंवरराम साहिब चौराहा से चलकर संत आसूदाराम आश्रम होते हुए बैकुंठ धाम प्रस्थान करेगी जहां दोपहर एक बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी यात्रा में देश-विदेश से हजारों अनुयायी पहुंचेंगे।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें